DniNews.Live

दवा कारोबारी पर पत्नी से मारपीट का आरोप:फिरोजाबाद में मर्सिडीज लोन के लिए पीटा, तलाक की धमकी, FIR दर्ज

फिरोजाबाद में एक दवा कारोबारी पर अपनी पत्नी से मारपीट करने और उसे तलाक की धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि कारोबारी ने मर्सिडीज कार का लोन चुकाने के लिए पैसे न देने पर पत्नी को पीटा। इसके बाद उसने पत्नी और बेटियों को नोएडा में किराए के मकान में छोड़कर उनका खर्च देना भी बंद कर दिया। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभव नगर निवासी नंदिनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 17 जनवरी, 2019 को दवा कारोबारी योगी शर्मा से हुई थी। शादी में उसके परिवार ने 50 लाख रुपये नकद, 90 ग्राम सोने की जंजीर, 50 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट और हीरे की अंगूठी सहित कुल 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए थे। नंदिनी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति योगी शर्मा उससे मारपीट करता और पैसों की मांग करता था। गर्भावस्था के दौरान भी पैसे न देने पर उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया था। पंचायत के बाद सुलह हुई, जिसके बाद वह ससुराल लौट आई। कुछ समय बाद पति योगी शर्मा जुए में 35 लाख रुपये हार गया। उसने इस रकम की भरपाई के लिए नंदिनी के मायके वालों से पैसे मांगे और न देने पर धमकी दी। उसकी हरकतों से परेशान होकर ससुर और देवर ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद उसे एक दिन थाने में बंद रहना पड़ा। माफी मांगने के बाद उसे छोड़ दिया गया। पीड़िता ने बताया कि एक साल पहले पति ने फिर से मर्सिडीज कार का लोन चुकाने के लिए पैसे मांगे। रकम न देने पर उसने मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। देवर और ससुर उसे वापस ले आए। इसके बाद पति अपने पिता का घर छोड़कर पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नोएडा में किराए के मकान में रहने लगा। नंदिनी का आरोप है कि नोएडा में रहते हुए पति फर्जी दस्तावेज बनवाकर तलाक लेने और दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है। उसने बेटियों और पत्नी का खर्च देना भी बंद कर दिया है। इंस्पेक्टर रीना ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *