बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13 (बीएसएपी-13), दरभंगा का 55वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे हर्षोल्लास वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बीएसएपी-13 परिसर में भव्य परेड, सम्मान समारोह, हेल्थ कैंप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस समारोह में उत्तरी मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक आशीष भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बीएसएपी-13 के समादेष्टा पूरन कुमार झा सहित वरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान और आमंत्रित अतिथिगण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह परेड के पंक्तिबद्ध होने से हुई, जिसके बाद परेड कमांडर की ओर से सलामी व निरीक्षण कार्यक्रम खत्म कराया गया। विशेष हेल्थ कैंप भी लगाया इस अवसर पर जवानों और कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष हेल्थ कैंप भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उल्लासपूर्ण माहौल से भर दिया। मालूम हो कि इस वाहिनी का गठन 14 दिसंबर 1971 को बिहार सैन्य पुलिस-13 के रूप में हुआ था। उस समय इसका मुख्यालय लखीसराय था, जिसे मार्च 1974 में दरभंगा स्थानांतरित किया गया। बाद में 24 मार्च 2021 को बिहार सरकार की अधिसूचना के तहत इसे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13 के रूप में फिर से अधिसूचित किया गया। वर्तमान में बीएसएपी-13 दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही है। इसके अंतर्गत सात कंपनियां और एक क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ वाहिनी के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन और सेवा भावना को भी याद किया गया और भविष्य में और अधिक सशक्त भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।
https://ift.tt/SxmRyvq
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply