दरभंगा जिले में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों से जिले में सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं।आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण दिन में भी सूर्य का प्रकाश लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।हालांकि पूरी तरह कोहरा नहीं है, लेकिन ठंड काफी तेज है और सुबह-शाम कुहासे की स्थिति बनी हुई है। रात और तड़के कुहासे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो जा रही है। कई इलाकों में दृश्यता 20 मीटर, कहीं 50 मीटर तो कहीं 100 मीटर तक सिमट जा रही है। इससे बाइक सवारों समेत अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन में भी लोगों को वाहन चलाते समय लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। ठंड से बचने के लिए चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कुहासे से सतर्क रहने की जरूरत है। 24 दिसंबर तक दरभंगा जिले में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह हल्के से मध्यम कुहासा और देर शाम घनी धुंध बनने की आशंका जताई गई है। यातायात पर भी दिख रहा ठंड और कोहरे का असर ठंड और कुहासे का असर यातायात पर भी दिख रहा है। दरभंगा आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से पहुंच रही हैं। वहीं हवाई सेवाओं की बात करें तो दिल्ली से आने वाली अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट रद्द रही। स्पाइसजेट की मुंबई-दरभंगा फ्लाइट 19 मिनट विलंब से पहुंची, जबकि मुंबई से अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट निर्धारित समय से 2 मिनट पहले ही लैंड कर गई। इंडिगो की हैदराबाद-दरभंगा फ्लाइट 20 मिनट लेट रही, वहीं दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट 13 मिनट विलंब से दरभंगा पहुंची। स्पाइसजेट की दिल्ली से आने वाली एक अन्य फ्लाइट भी निर्धारित समय से 17 मिनट पहले दरभंगा पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार आज दरभंगा का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान इस प्रकार रहने का अनुमान है रविवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 12°C
सोमवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 13°C
मंगलवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 13°C
बुधवार: अधिकतम 21°C, न्यूनतम 12°C
गुरुवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 12°C
शुक्रवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 12°C
शनिवार: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 12°C शीतलहर को देखते हुए चौक-चौराहों पर अलाव जलाने के निर्देश जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर निगम को विभिन्न चौक-चौराहों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रखंडों में कंबल भेजे गए हैं, जिनका वितरण किया जाएगा। जिले में बनाए गए आश्रय स्थल पूरी तरह कार्यशील हैं, जहां जरूरतमंद लोग शरण ले सकते हैं।डीएम ने बताया कि ठंड अभी और बढ़ सकती है, इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए 20 दिसंबर से 22 दिसंबर तक जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं आएंगे।लेकिन शिक्षक अपने निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचेंगे।आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी बच्चों की उपस्थिति नहीं होगी, हालांकि पूरक पोषाहार का वितरण दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे के बीच किया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।
https://ift.tt/nm5uB23
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply