DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

दरभंगा अशोक पेपर मिल की जमीन पर लगेगा उद्योग:बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी बोले- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द घोषणा करेंगे

‘दरभंगा के बंद पड़े अशोक पेपर मिल की करीब 400 एकड़ जमीन पर नए साल में उद्योग स्थापित करने की दिशा में बड़ी सौगात मिलने वाली है, जिसकी घोषणा बहुत जल्द मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।’ ये बातें बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को दरभंगा में कही। संजय सरावगी शहर के लालबाग स्थित लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी कैंपस पहुंचे थे। दरअसल, लाइब्रेरी कैंपस परिसर में नॉर्थ बिहार हॉर्टिकल्चर सोसाइटी (उत्तरी बिहार उद्यान समिति) की ओर से 33वीं पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शन को बुधवार से ही आम लोगों के लिए खोल दिया गया। दो दिवसीय इस प्रदर्शनी का शुभारंभ गणेश वंदना, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। प्रदर्शनी में एक साथ सैकड़ों किस्म के फूल, कैक्टस, बोनसायी और सजावटी पौधे देखने को मिलेंगे। उत्तरी बिहार उद्यान समिति अध्यक्ष बोले- समाज को पर्यावरण से जोड़ने का प्रयास उत्तरी बिहार उद्यान समिति की अध्यक्ष लता खेतान ने स्वागत संबोधन में कहा कि संस्था जनमानस के बीच प्रकृति प्रेम, हरियाली, जल संरक्षण और भूमि की उर्वरता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को पर्यावरण के प्रति जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महासचिव राघवेंद्र कुमार ने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी न सिर्फ आंखों को सुकून देती है, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और पोषण का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्कूली बच्चों की भागीदारी और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यही बच्चे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की मजबूत नींव बनेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची डीआईजी स्वप्ना मेश्राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीआईजी डॉ. स्वपना गौतम मेश्राम ने प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी प्रकृति प्रेम के प्रति जन-जागरूकता का अनूठा तरीका है। इससे न केवल मानसिक शांति मिलती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रदर्शनी को देशभर में अलग पहचान वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव का बड़ा संदेश देती है। कार्यक्रम के दौरान “प्लांटमैन ऑफ दरभंगा”, कुशल चिकित्सक एवं पुष्प प्रेमी डॉ. रामबाबू खेतान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं तालाब संरक्षण से जुड़े मो. तसीम नवाब को भी समिति की ओर से सम्मान प्रदान किया गया। प्रदर्शनी में मेरीगोल्ड, गुलदाउदी, गुलाब, डालिया, राउंड कैक्टस, ग्राफ्टेड प्लांट, सक्यूलेंट, बोनसाई, औषधीय और फलदार पौधों की भरमार रही। बुजुर्गों से लेकर बच्चे, महिलाएं और युवा देर शाम तक फूलों की बगिया में घूमते रहे और मोबाइल कैमरे में इन यादगार पलों को कैद करते नजर आए। संस्था की ओर से खाने-पीने के स्टॉल, सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था और न्यूनतम कीमत पर पौधों की बिक्री की गई। करीब 23 स्कूलों के बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनका पारितोषिक वितरण 1 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे किया जाएगा।कार्यक्रम का संचालन तरुण मिश्रा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रतिमा आनंद ने दिया। मंच पर डॉ. विनोद कुमार मिश्रा, शिव भगवान गुप्ता, विनोद पंसारी, मुकेश खेतान, नीरज खेरिया, मनोज डोकानिया, प्रकाश रंजन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।प्रदर्शनी 1 जनवरी 2026 को भी आम लोगों के लिए खुली रहेगी।


https://ift.tt/23gvLyK

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *