तेज रफ्तार ईको ने बाइक को मारी टक्कर:मैनपुरी में एक की मौत साथी घायल, घर का सामान लेने जा रहा था
![]()
तेज रफ्तार ईको ने बाइक को मारी टक्कर:मैनपुरी में एक की मौत साथी घायल, घर का सामान लेने जा रहा था
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय राजीव की मौत हो गई। उसका साथी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बोझी चंद्रपुर भट्टी के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ईको वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, गांव नगला खिमऊ निवासी राजीव अपने साथी संदीप के साथ बाइक से मैनपुरी घरेलू सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात ईको वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक चला रहे राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा उसका साथी संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने बताया कि अज्ञात ईको वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक राजीव के भाई सोनू ने बताया कि राजीव अपने रिश्तेदार संदीप के साथ शाम के समय घर के लिए जरूरी सामान लेने निकला था। इस दुखद खबर से परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
