![]()
तेजपाल हत्याकांड का खुलासा, आरोपी दोस्त गिरफ्तार:अवैध संबंध के शक में की थी हत्या, हथियार बरामद
फिरोजाबाद के टूंडला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दुकान में सो रहे तेजपाल की हत्या के आरोप में उसके दोस्त मुकेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टूंडला पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। अभियुक्त मुकेश पुत्र मुकट सिंह, निवासी जलोपुरा, को 19 मार्च 2026 को राजा का ताल रोड से नागऊ जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को मृतक तेजपाल के बेटे कौशल किशोर ने अपने पिता की हत्या की तहरीर दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि उसके गांव की एक महिला से उसके अवैध संबंध थे। तेजपाल का भी उसी महिला के घर आना-जाना था। मुकेश को शक हुआ कि तेजपाल के भी महिला से संबंध हैं। उसने महिला पर संबंध खत्म करने का दबाव डाला, लेकिन महिला ने मुकेश से दूरी बना ली। इसी बात से आक्रोशित होकर मुकेश ने 15/16 मार्च की रात तेजपाल की हत्या कर दी। उसने अपनी दुकान पर सो रहे तेजपाल पर बांका और मूसल से वार किए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक स्टील का बांका, लोहे का मूसल और घटना के समय पहनी गई शर्ट बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना के सफल अनावरण में टूंडला पुलिस और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गहन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, और परिजन आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply