DniNews.Live

तीन प्रभारी चिकित्साधिकारियों को DM की फटकार:वाराणसी में आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही, जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में समीक्षा

कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अभियान चलाकर बनाए जाने वाले आयुष्मान कार्ड एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अभियान चलाकर बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड में 10 दिनों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव, पिंडरा एवं हरहुआ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा इन्हें कारण बताओं नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बड़ागांव का वेतन रोकने का निर्देश दिया। कार्य में त्वरित सुधार के निर्देश दिए तथा कहा कि जब तक जनपद के समस्त कार्ड नहीं बनाए जाते हैं तब तक आयुष्मान सेल के कर्मियों का मानदेय आहरित नहीं किया जाएगा। हीटवेव से पहले अस्पतालों में रखें तैयारी जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए हीटवेव से बचाव एवं चिकित्सालयों में समस्त तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय से वार्ड में लगाए गए कूलर, एसी की व्यवस्था बेहतर कर लिया जाए । मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को भर्ती किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चे संदर्भित किया जाए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के दूसरे स्थान पर रहने को लेकर निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य संकेत में लगातार सुधार रखा जाए जिससे कि जनपद की रैंकिंग कम ना हो। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *