हरदोई में तालाब में बाइक गिरने से एक युवक की मौत हो गई,, उसका दोस्त घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। यह घटना शुक्रवार देर रात की है, जब दोनों दोस्त टहलने के बाद घर लौट रहे थे। कासिमपुर थाना क्षेत्र के बेहसार गांव निवासी 20 वर्षीय धर्मेंद्र अपने दोस्त नवाब के साथ शुक्रवार देर शाम बाइक से घूमने निकले थे। रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। शनिवार सुबह मल्लावां कोतवाली के पुरवावां गांव के तालाब में एक बाइक पड़ी मिली। तालाब के पास ही धर्मेंद्र का शव उतराता हुआ मिला। कुछ दूरी पर उसका दोस्त नवाब तालाब के किनारे पड़ा कराह रहा था। पुरवावां गांव के लोगों ने नवाब को बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। धर्मेंद्र की शादी नहीं हुई थी। वह लुधियाना में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। पांच दिन पहले ही अपने गांव आए थे। वह पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल नवाब को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply