बाराबंकी के थाना घुंघटेर क्षेत्र के महत्वानी गांव में बिजली के तार हटाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई। मृतक की पहचान हरदोई निवासी 50 वर्षीय सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह 30 सालों से अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी करते थे। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार ने अपने घर के टिनशेड के ऊपर से गुजरे पड़ोसी गंगू के बिजली केबल को हटाने का अनुरोध किया था। इसी बात को लेकर गंगू, उसकी पत्नी और बेटों के साथ सुरेंद्र का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गंगू, उसकी पत्नी ज्ञानवती और उनके बेटों अमित व सुमित ने सुरेंद्र के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने लाठी, डंडों, ईंट-पत्थरों और बल्ली से सुरेंद्र पर हमला कर दिया। इस हमले में सुरेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पति को बचाने दौड़ी उनकी पत्नी आरती देवी को भी हमलावरों ने पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सुरेंद्र अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे 9 साल का बेटा अंश, 5 साल की बेटी मानसी और 2 साल का बेटा शिवा अब बेसहारा हो गए हैं। पुलिस ने घायल आरती देवी को सीएचसी घुंघटेर पहुंचाया और मृतक सुरेंद्र कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बेचू सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी आरती देवी की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। एक छोटी सी केबल की जिद ने जिस तरह तीन मासूमों के सिर से उनके पिता का साया छीन लिया, उसने पूरे बाराबंकी को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply