DniNews.Live

तापमान में बढ़ोतरी के बाद फिर बदलेगा मेरठ का मौसम:जल्द ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से फिर बारिश की संभावना

मेरठ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की ओर है। मंगलवार को दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही के कारण बीच-बीच में राहत भी मिलती रही।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की वेधशाला के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ, लेकिन बादलों की मौजूदगी ने मौसम को पूरी तरह तपने नहीं दिया। मौसम में लगातार हो रहे इस उतार-चढ़ाव का असर आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों पर भी पड़ रहा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय पर हल्की बारिश होती है तो यह गेहूं और अन्य रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन अधिक बारिश नुकसान भी पहुंचा सकती है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जल्द ही एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से सप्ताह के मध्य या अंत तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। वहीं, वायु गुणवत्ता की बात करें तो मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 168 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी के करीब है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश होती है, तो इससे प्रदूषण के स्तर में भी सुधार हो सकता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *