विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। संभावित खतरों से निपटने की तैयारी जांचने के लिए महीने के आखिरी शुक्रवार को ताजमहल के पूर्वी गेट पर मॉक ड्रिल की गई, जिसमें संदिग्ध बैग में विस्फोटक मिलने का सीन तैयार किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा चेकिंग प्वाइंट के पास बैग छोड़ने की स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही डॉग स्क्वाड ने बैग की पहचान की और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद सुरक्षा घेरा बनाकर जांच की गई और आम लोगों की आवाजाही को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया। इस अभ्यास का नेतृत्व थाना ताज सुरक्षा के प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी ने किया। उन्होंने जवानों को संदिग्ध वस्तुओं की पहचान, सतर्कता और तुरंत कार्रवाई करने के तरीके समझाए। मॉक ड्रिल में CISF थाना ताजगंज पुलिस, पर्यटन थाना पुलिस, PAC, फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं और बेहतर तालमेल दिखाया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ताजमहल परिसर में आने वाले हर व्यक्ति और सामान की सख्ती से जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दी जाए।

Leave a Reply