तरबगंज नगर पंचायत के ढोढेपुर निवासी कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्ण नारायन तिवारी उर्फ केटी तिवारी बुधवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उनके इस कदम से तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। केटी तिवारी ने सांसद राम शिरोमणि वर्मा, सांसद अवस्थी और समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी की उपस्थिति में सपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। केटी तिवारी 2014 से तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के लिए सक्रिय थे। वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। दूरभाष पर बातचीत के दौरान केटी तिवारी ने बताया कि वह 1998 तक समाजवादी पार्टी में थे और सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। इसके बाद उन्होंने 1998 में ही बसपा ज्वाइन कर ली थी। वर्ष 2012 में तरबगंज विधानसभा से बसपा से उनका टिकट फाइनल हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वह कट गया। बसपा ने राम भजन चौबे को टिकट दिया, जिसके बाद केटी तिवारी बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। हालांकि, 2012 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वरिष्ठ सपा नेताओं के नेतृत्व में केटी तिवारी ने गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंचकर ‘घर वापसी’ की है। उनके सपा में शामिल होने से तरबगंज में कांग्रेस की स्थिति कमजोर होने की आशंका है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय जागृति मिशन राजकुमार चौहान सहित अन्य सैकड़ो लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply