DniNews.Live

‘डॉ. लोहिया के विचारों पर खड़ा है PDA आंदोलन’:जिलाध्यक्ष ने लोहिया मूर्ति पर पहनाई माला, पार्टी कार्यालय पर संगोष्ठी का हुआ आयोजन

फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में महान समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व सांसद डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने डॉ. लोहिया को सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लोहिया ने सदैव सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और भेदभाव व सामाजिक हिंसा का विरोध किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय लोकतंत्र में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका अदा की। यादव ने जोर देकर कहा कि आज का पीडीए आंदोलन उनके मजबूत विचारों की नींव पर ही खड़ा है। प्रदेश सचिव और कायमगंज के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अम्बेडकर ने कहा कि फर्रुखाबाद के लोगों को इस बात का गौरव है कि समाजवाद के पुरोधा डॉ. लोहिया ने उनके प्रतिनिधि के रूप में देश की सबसे बड़ी पंचायत (संसद) में प्रचंड बहुमत वाली सत्ता के सामने फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व किया था। साहित्यकार और यश भारती से सम्मानित रामकृष्ण राजपूत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें डॉ. लोहिया के चुनाव में पोलिंग एजेंट बनने का सौभाग्य मिला था। उन्होंने बताया कि जनपद में गंगा नदी पर पुल न होने के कारण नदी के दोनों किनारों पर दो अलग-अलग सामाजिक स्थितियाँ थीं। डॉ. लोहिया ने संसद में इस मुद्दे को उठाया और लोहिया सेतु का निर्माण करवाकर जिले की इस बड़ी समस्या का समाधान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुकी, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, जिला सचिव शिव शंकर शर्मा, समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनुराग यादव और सयुस के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश पाल, जिला सचिव निजाम अंसारी, उपाध्यक्ष शशांक सक्सेना, कायमगंज के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आनंद यादव और विवेक यादव भी उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *