DniNews.Live

डॉ. इलेश जैन सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के नए निदेशक बने:चित्रकूट में ट्रस्ट बोर्ड ने सर्वसम्मति से उन्हें पदभार ग्रहण करवाया

चित्रकूट में डॉ. इलेश जैन ने श्री सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के नए निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। वह पहले ट्रस्ट के ट्रस्टी और चिकित्सालय के सीईओ के पद पर कार्यरत थे। उन्हें मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज ने आशीष प्रदान कर यह जिम्मेदारी सौंपी। यह पदभार ग्रहण समारोह आज श्री सदगुरु सेवा संघ के अध्यक्ष विशद भाई, उनकी धर्म पत्नी रूपल बेन और समस्त ट्रस्टीगणों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। राजेंद्र दास जी महाराज ने श्री हनुमान चालीसा के पाठ के साथ डॉ. जैन को गुरुदेव भगवान द्वारा प्रतिपादित सेवाकार्यों को आगे बढ़ाने का आशीर्वाद दिया।
निदेशक बनने के बाद डॉ. इलेश जैन ने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव, ट्रस्ट के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल और पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन साहब ने सेवा का जो बीज बोया था, उसे आज एक विशाल वट वृक्ष का रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस वट वृक्ष को संभालना और अपनी सेवा से इसे और विशाल रूप देना हम सबकी जिम्मेदारी है।
डॉ. जैन ने आगे कहा कि पूज्य गुरुदेव, स्वर्गीय अरविंद भाई मफतलाल और पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. जैन साहब ने जो सोचा था और जो सपना देखा था, उसे वास्तविक रूप देना भी हम सबकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया ताकि उनके सपनों को पूरा किया जा सके। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष विशद भाई मफतलाल, उनकी धर्म पत्नी एवं ट्रस्ट की ट्रस्टी रूपल बेन, पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन की धर्म पत्नी एवं सदगुरु महिला समिति की अध्यक्षा उषा जैन, ट्रस्टी मनोज पंड्या, निदेशक डॉ. इलेश जैन की धर्म पत्नी मौसम जैन, आर.बी. सिंह चौहान और मीडिया प्रभारी वीरेंद्र शुक्ला सहित नेत्र चिकित्सालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *