प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी विभाग को नया विभागाध्यक्ष मिल गया है। डॉ. अंशुल सिंह ने बुधवार को विभाग के 13वें विभागाध्यक्ष के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस प्रशासनिक बदलाव को कॉलेज और विभाग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मूल रूप से मिर्जापुर की निवासी डॉ. अंशुल सिंह ने अपनी प्रारंभिक चिकित्सा शिक्षा किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ से एमबीबीएस के रूप में पूरी की। इसके बाद उन्होंने सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा से पैथोलॉजी में एमडी की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वर्ष 2011 में डॉ. सिंह ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में लेक्चरर के पद पर अपना करियर शुरू किया था। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान वह विभागीय गतिविधियों में सक्रिय रहीं। उन्होंने पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. वत्सला मिश्रा और डॉ. कंचन वर्मा के साथ मिलकर सेंट्रल पैथोलॉजी और साइटोकेयर सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पोस्टग्रेजुएट, अंडरग्रेजुएट और लैब टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों को भी नियमित रूप से पढ़ाया। निवर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन वर्मा का कार्यकाल भी उल्लेखनीय उपलब्धियों से भरा रहा। उनके नेतृत्व में विभाग की कार्यप्रणाली सुदृढ़ हुई, रिपोर्टिंग सिस्टम तेज हुआ और मरीजों की सुविधाओं में सुधार आया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अंशुल सिंह ने कहा कि डॉ. कंचन वर्मा जैसी कुशल विभागाध्यक्ष का स्थान लेना एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर विभाग में चल रहे कार्यों को गति देने तथा पठन-पाठन, शोध और चिकित्सा सेवाओं को और सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply