हरदोई में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) विनय सिंह एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। रविवार को राष्ट्रीय वंचित शोषित सामाजिक संगठन ने कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय अनशन किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने एक गुड़िया पर डीपीआरओ की तख्ती लगाकर उसका ‘सोलह श्रृंगार’ किया। संगठन का आरोप है कि डीपीआरओ नियमों की अनदेखी कर सफाई कर्मियों से जुड़े फैसले ले रहे हैं। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। राष्ट्रीय वंचित शोषित सामाजिक संगठन के अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रभारी डीपीआरओ सफाई कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डीपीआरओ अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर सरकारी कार्य कर रहे हैं, जिससे सफाई कर्मी परेशान हैं। इसी के विरोध में रविवार दोपहर कलेक्ट्रेट के धरना स्थल पर यह अनोखा प्रदर्शन किया गया, जिसमें गुड़िया पर प्रभारी डीपीआरओ का नाम लिखकर उसका श्रृंगार किया गया। संगठन ने जिलाधिकारी से प्रभारी डीपीआरओ की जांच कराने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। डीपीआरओ विनय सिंह का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। उन्हें जिले में 217 डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का काम सौंपा गया था, जिसके लिए डेढ़ करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित हुआ था। लाइब्रेरी निर्माण में लापरवाही बरतने के आरोप में शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था। हालांकि, बाद में वे हाईकोर्ट से स्थगन आदेश (स्टे) लाकर अपने पद पर बहाल हो गए थे। राष्ट्रीय वंचित शोषित सामाजिक संगठन के अध्यक्ष अमित कुमार स्वयं एक बर्खास्त सफाई कर्मी हैं। उनकी बहाली से संबंधित एक मुकदमा फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है। अमित कुमार पहले पंचायत ग्राम सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Leave a Reply