कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के खिरवां गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की चाकू मारकर मरणासन्न पहुंचा दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, खिरवां गांव निवासी शिवा उर्फ गोलू बुधवार रात को खेतों पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला था। परिजन उसे तत्काल कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता राजेंद्र की तहरीर पर डेरापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की कॉल डिटेल से अहम सुराग मिले, जिसमें उसके चचेरे भाई अभिषेक और गांव के ही सुखबीर से आखिरी बातचीत सामने आई। गुरुवार देर रात अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने आधिकारिक बयान में बताया कि अभिषेक का गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। उसे शक था कि शिवा भी उसी लड़की से संबंध रखता है। इसी शक के चलते अभिषेक ने गुजरात में काम कर रहे अपने साथी सुखबीर को बुलाया और योजना बनाकर शिवा को खेतों पर बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। वहीं, मुख्य आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply