DniNews.Live

डीसीएम की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत:अतरौली में त्रिवेणी पुलिया के पास हादसा, चालक पर FIR

हरदोई में अतरौली-संडीला मार्ग पर बुधवार शाम त्रिवेणी पुलिया के पास एक डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस से पहले भरावन सीएचसी और फिर लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन लखनऊ जनपद की माल सीएचसी के पास उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे माल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीएम चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की मां ने डीसीएम के चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। मृतक की पहचान अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम काकेमऊ निवासी अजय पाल (24) के रूप में हुई है, जो पेशे से राज मिस्त्री थे। उनकी मां चंद्रकली ने बताया कि बुधवार शाम अजय अपनी बाइक से सरसों की पेराई कराने के लिए अतरौली चौराहा जा रहे थे। सरसों की बोरी चक्की पर छोड़कर वह वापस घर लौट रहे थे। अजय ने हेलमेट नहीं पहना था। इसी दौरान अतरौली-संडीला मार्ग पर अतरौली थाना क्षेत्र की त्रिवेणी पुलिया के पास उनकी बाइक को डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत एंबुलेंस तथा पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से अजय को भरावन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे, तभी माल सीएचसी के पास उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें माल सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अजय पाल के परिवार में उनकी पत्नी विमला और एक पुत्र है। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाकर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अजय की पत्नी विमला ने बताया कि माल सीएचसी पर पति को मृत घोषित किए जाने के बाद एंबुलेंस चालक शव छोड़कर चला गया। उन्होंने माल सीएचसी के स्टाफ से भी एंबुलेंस के लिए कहा, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह ई-रिक्शा से शव लेकर भरावन सीएचसी वापस आईं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *