घाटमपुर में नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार को आस्था और श्रद्धा का विशेष दृश्य देखने को मिला। कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह अपनी पत्नी रश्मि सिंह के साथ कस्बा स्थित प्रसिद्ध मां कूष्मांडा मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में पहुंचकर डीएम दंपति ने विधि-विधान से मां कूष्मांडा के दर्शन किए और प्रदेश व जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उनका पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद डीएम और उनकी पत्नी यज्ञशाला पहुंचे, जहां पहले से हवन की तैयारी की गई थी। आचार्य के निर्देशन में दोनों ने मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि में आहुतियां अर्पित कीं और जनकल्याण, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान एसडीएम अविचल प्रताप सिंह, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। नवरात्र की परंपरा के अनुसार डीएम दंपति ने कन्या पूजन करते हुए छोटी बालिकाओं को फल वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया। डीएम के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। नगर पालिका के ईओ महेंद्र कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। डीएम के मंदिर परिसर में रहने तक सभी अधिकारी मुस्तैदी से डटे रहे।

Leave a Reply