डीएम ने गेहूं खरीद कार्यशाला की अध्यक्षता की:केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य के अनुसार तेजी से खरीद के निर्देश दिए, 43 को मिली स्वीकृति
![]()
डीएम ने गेहूं खरीद कार्यशाला की अध्यक्षता की:केंद्र प्रभारियों को लक्ष्य के अनुसार तेजी से खरीद के निर्देश दिए, 43 को मिली स्वीकृति
कासगंज में जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में गेहूं खरीद प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई, जिसमें अपर जिलाधिकारी न्यायिक मंजूर अहमद भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि शासन ने जनपद के लिए 26500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2425 रुपये प्रति क्विंटल और 2026-27 के लिए 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
जनपद में कुल 43 गेहूं क्रय केंद्रों को स्वीकृति दी गई है। इनमें खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ के 27, मंडी समिति का 01 और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के 02 क्रय केंद्र शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गल्ला व्यापारियों को किसानों के साथ उचित व्यवहार करने और गेहूँ की ईमानदारी से तौल सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, डीएम ने केंद्रों पर बैनर सही स्थान पर लगाने और सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को किसान संपर्क रजिस्टर बनाने तथा उसमें संपर्क किए गए किसानों का पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को सभी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त केंद्र प्रभारियों से कहा कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुसार किसानों से संपर्क कर तेजी से खरीद सुनिश्चित करें, ताकि जनपद का लक्ष्य पूरा हो सके। कार्यशाला में जिला पूर्ति अधिकारी, खाद्य एवं विपणन मंडी सचिव के साथ-साथ विभिन्न क्रय केंद्र प्रभारी भी उपस्थित थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
