मिर्जापुर में आगामी ईद और अलविदा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नगर क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने शहर के प्रमुख स्थलों, विशेषकर इमामबाड़ा और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त की जा रही है। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तथा पीएसी तैनात की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अलविदा जुमे की नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन भी लागू किए गए, जिससे नमाजियों को असुविधा न हो। प्रशासन ने जनसंवाद पर भी विशेष जोर दिया। स्थानीय लोगों, धर्मगुरुओं और समाज के संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासनिक सतर्कता और समन्वय के कारण अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि आगामी ईद पर्व को भी इसी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन हर स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply