डी.एन. कॉलेज में दो दिवसीय ‘युवा महोत्सव 2026’ का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने प्रबंध समिति अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता, अजय अग्रवाल, संजीश्वर प्रकाश त्यागी और प्राचार्य प्रो. बी.एस. यादव के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘देवोदय’ का विमोचन भी कुलपति के कर-कमलों से किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तेजी से बदलती तकनीकों का है। ऐसे में वही छात्र और संस्थान आगे बढ़ेंगे, जो नई तकनीकों को अपनाकर निरंतर सीखते रहेंगे। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनकर समर्पण के साथ अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज में समानता को बढ़ावा दे रही हैं। साथ ही समय प्रबंधन, डायरी लेखन और मोबाइल के सीमित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य प्रो. बी.एस. यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा महोत्सव छात्रों की प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र में कॉलेज के छात्रों ने विश्वविद्यालय मेरिट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों में गोल्ड मेडल हासिल किए। महोत्सव के पहले दिन कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। जिसमे आउटडोर खेल में रस्साकशी (पुरुष वर्ग) में एमएससी मैथ्स विजेता, बीएससी कंप्यूटर साइंस उपविजेता रहे। महिला वर्ग में एनसीसी कैडेट्स विजेता रहीं। कबड्डी में बीए एलएलबी टीम विजेता बनी। टैलेंट हंट में छात्रों ने गायन, नृत्य व अन्य प्रस्तुतियों से प्रतिभा दिखाई। देवप्रिया भवन में बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट छात्रों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई। साथ ही मास्क/पोस्टर मेकिंग ,वाद-विवाद व आशुभाषण ,रंगोली-कोलाज आदि प्रतियोगिताएं छात्रों के लिए रखी गई। कार्यक्रम का संचालन प्रो. दीपक कुमार ने किया। विश्वविद्यालय से प्रो. प्रदीप चौधरी भी उपस्थित रहे। पहले दिन छात्रों की भारी भागीदारी से परिसर जीवंत नजर आया। आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के सफल आयोजन में कॉलेज के सभी शिक्षक और कर्मचारी सक्रिय रूप से जुड़े रहे।

Leave a Reply