मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के रसुलहा गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सौरभ उर्फ सोनू सेठ पुत्र विजय कुमार सेठ के रूप में हुई है। सौरभ ने नायलॉन की रस्सी के सहारे कमरे में लगे पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। सुबह जब परिजनों ने उसका शव फंदे से झूलता देखा तो वे बदहवास हो गए। सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। वह अविवाहित था और वाराणसी के कठीरांव बाजार में चश्मे की दुकान चलाता था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से डिप्रेशन में था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और नेवढ़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply