उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रायबरेली पहुंचे, जहां उन्होंने तिवारी परिवार द्वारा आयोजित राम कथा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पूज्य राजन जी महाराज के मुख से कथा का श्रवण किया। पाठक ने कहा कि वह कल ही आना चाहते थे, लेकिन व्यस्तता के कारण नहीं आ पाए। उन्होंने रायबरेली में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ को अभूतपूर्व बताया। उपमुख्यमंत्री पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को राज्य में चार बार सरकार बनाने का अवसर मिला, लेकिन उनके शासनकाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी। पाठक ने आरोप लगाया कि उस समय बहू-बेटियों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती थी। पाठक ने सपा शासनकाल की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि तब बेटियां ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ का नारा लगाती थीं। उन्होंने अखिलेश यादव की मौजूदा स्थिति को ‘सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ मुहावरे से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल अपनी साख बचाने और वोट बटोरने की कोशिश है। उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को सुरक्षा के मामले में नंबर एक पर ला दिया है। पाठक के अनुसार, राज्य से गुंडे-बदमाशों का सफाया हो चुका है और बेटियां कार्यस्थल, घर से बाहर या स्कूल-कॉलेज जाते समय पूरी तरह सुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने दावा किया कि अब रात के 12 बजे भी बेटियों को कोई खतरा नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने सपा पर संस्कृति और सनातन धर्म का विरोध करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि कोई फिल्मकार या साहित्यकार अपनी कृतियों से भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करता है, तो उसकी सराहना होनी चाहिए, लेकिन सपा की मानसिकता हमेशा इसके विपरीत रही है।

Leave a Reply