लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चोर घाटी पेट्रोल पंप के पास आई-20 और ईको कार की आमने-सामने भिड़ंत में दो महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सआदतगंज बड़े चौराहा निवासी हरिशंकर अपने परिवार के अभिषेक, वीरेंद्र गुप्ता, पुष्पा देवी और श्वेता गुप्ता के साथ ईको कार से बरेली स्थित मोनाना धाम दर्शन करने गए थे। भोर करीब 5 बजे सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बालागंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार आई-20 कार से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। कार में फंस गए थे लोग हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कारों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ईको चालक सुभाष साहू समेत अन्य घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। आई-20 कार सवार अनुभव शर्मा, वैभव शर्मा, मो. सोहेल और मो. अतीक को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान के मुताबिक, मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply