DniNews.Live

ट्रॉली पर भगौना रखकर डीजल लेने पहुंचे लोग, VIDEO:जनरेटर लेकर तेल भरवाने पहुंचे युवक, गैलन में तेल न देने पर हंगामा

देवरिया में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह फैलने के बाद गुरुवार को भारी अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी गाड़ियों के साथ-साथ बड़े-बड़े भगौने और बर्तन लेकर पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने पहुंचे। जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग जरूरत से अधिक ईंधन जमा करने की होड़ में थे। इस दौरान कई वीडियो भी सामने आए, जिनमें स्थिति की गंभीरता स्पष्ट दिख रही थी। हालांकि, प्रशासन ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।
बरहज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वाहनों की लंबी कतार के बीच एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखे भगौने में ईंधन भरवाता दिख रहा है। कई अन्य लोग भी कंबाइन, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के साथ बड़ी मात्रा में ईंधन लेने पहुंचे थे। शहर के एक अन्य पेट्रोल पंप पर हंगामे की स्थिति भी बनी। एक युवक गैलन लेकर पहुंचा और लाइन में लगे बिना सीधे मशीन से जबरन ईंधन भरने लगा। पंप मालिक द्वारा विरोध करने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी राकेश राय ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक मामला शांत हो चुका था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं सलेमपुर में गैलन में डीजल नहीं मिलने पर जनरेटर पंप पर लेकर पहुंच गए। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक भंडारण से कृत्रिम संकट पैदा हो सकता है। पुलिस और प्रशासन की टीमें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रख रही हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *