इटावा के चकरनगर क्षेत्र के नगला कढोरी गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय शिवकुमार की मौत हो गई, जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है और घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। औरैया जनपद के अजीतमल थाना क्षेत्र के गिरधारीपुर निवासी शिवकुमार अपने बेटे अर्पित के साथ कसौआ गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6 बजे दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। नगला कढोरी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। एक घंटे तक सड़क पर पड़े रहे घायल टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक दोनों सड़क पर ही पड़े रहे और एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के जरिए दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। परिवार में मचा कोहराम जिला अस्पताल में डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने जांच के बाद शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बेटे अर्पित का इलाज जारी है। बेटे ने बताया कि परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। पत्नी किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन यशोदा देवी ने बताया कि शिवकुमार पांच बहनों के बीच इकलौते भाई थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

Leave a Reply