उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक ट्रक के केबिन में खाना बनाते समय आग लग गई। यह घटना खागा कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी बाईपास पर पावर हाउस के सामने खड़े एक ट्रक में हुई। चिंगारी से लगी आग ने ट्रक के केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही ट्रक चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल समरसेबल पंप चलाकर पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
स्थानीय दुकानदारों राकेश, अशोक और सलीम ने बताया कि ट्रक में सरसों का तेल लदा हुआ था। उन्होंने और अन्य दुकानदारों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। उनका कहना था कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती, तो तेल के कारण पूरा ट्रक जलकर खाक हो सकता था। खागा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उन्हें ट्रक के केबिन में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पा लिया है और इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Leave a Reply