ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत:फर्रुखाबाद में बेटी और बेटा भी घायल, बेटी को बुलाने बहन के घर आया था किसान
![]()
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत:फर्रुखाबाद में बेटी और बेटा भी घायल, बेटी को बुलाने बहन के घर आया था किसान
इटावा बरेली हाईवे पर रविवार देर शाम हुल्लापुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार 45 वर्षीय किसान मनोज राजपूत की मौत हो गई, जबकि उनकी 15 वर्षीय बेटी सीमा और 4 वर्षीय बेटा अर्पित घायल हो गए। तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हरदोई जनपद के हरपालपुर थाना क्षेत्र के गांव कटेट निवासी मनोज राजपूत रविवार दोपहर बाद हुल्लापुर में रहने वाली अपनी बहन रेनू के घर आए थे। वह अपनी बेटी सीमा को बुलाने के लिए बेटे अर्पित के साथ आए थे। देर शाम वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल मनोज को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने इमरजेंसी में मनोज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि मनोज खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
