भदोही के उगापुर रोड स्थित पीपरगांव में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। इस भीषण टक्कर से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर कई टुकड़ों में बिखर गया और उसके साथ लगे दो बिजली के खंभे भी टूटकर जमीन पर गिर गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जिसके कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। आसपास के कई गांव अंधेरे में डूब गए। सूचना मिलते ही औराई पावर हाउस से जुड़े अवर अभियंता (जेई) पंचम यादव ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान ट्रांसफार्मर से निकल रहे तेल को लूटने की होड़ मच गई। ग्रामीण बोतल और डिब्बों में भरकर तेल ले जाते हुए देखे गए। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर का तेल महंगा होने के कारण लोगों में इसे इकट्ठा करने की होड़ लगी थी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विद्युत विभाग ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और खंभों को बदलने तथा जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply