सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। यह घटना 12 मार्च 2026 को हुई, जब मदन कुमार के पुत्र अमन पर ट्यूशन से लौटते समय हमलावरों ने वार किया। अमन की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। सोमवार शाम को पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अमन नवादा रोड स्थित इंडियन हर्ब्स फैक्ट्री के पास से अपने घर महादेव कॉलोनी आ रहा था। कोरी माजरा स्थित भूमिया खेड़ा के पास आरोपियों आशीष, शिवम, रोहित जाटव और रोहित शायर ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। इसके बाद चारों ने अमन को घेरकर सिर, गर्दन, छाती और पैरों पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद वंश जाटव और अमित ने घटना देखी और अमन को बचाने का प्रयास किया, जिसमें उन्हें भी चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी अमन को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने दोबारा जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अमन को एसबीडी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। अमन को पहले मेडिकल कॉलेज पिलखनी और फिर दिल्ली रोड स्थित अमृत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। थाना सदर बाजार पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने सोमवार को ओजपुरा क्षेत्र से दो वांछित आरोपियों आशीष और शिवम को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष कपिल देव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply