DniNews.Live

टूंडला स्टेशन पर एयरफोर्स जवान पटरी पर गिरा:चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हादसा, GRP जवानों ने चेन पुलिंग कर रुकवाई ट्रेन

फिरोजाबाद जिले के टूंडला रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान वायुसेना का एक जवान पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। इस घटना से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे। उन्होंने तुरंत जवान को गिरते हुए देखा और बिना देरी किए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाहियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद जवान को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस की सतर्कता के कारण जवान को कोई गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना का वीडियो रेलवे पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया है। टूंडला जीआरपी थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य ने बताया कि घायल यात्री वायुसेना का जवान है और वर्तमान में आगरा में तैनात है। वह ट्रेन के कोच नंबर-6 की बर्थ संख्या 3 पर आरक्षित टिकट के साथ यात्रा कर रहा था। सिपाहियों ने उसे चलती ट्रेन में चढ़ने से रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। भागते समय संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने के कारण वह पटरी पर जा गिरा था। हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मी जवान को रेलवे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गहन परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बताया कि जवान की स्थिति खतरे से बाहर है और वह स्वस्थ है। जीआरपी अधिकारियों ने घटना की जानकारी जवान के परिजनों को दे दी है और उन्हें स्टेशन बुलाया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *