DniNews.Live

टड़ियावां सीएचसी में मिलीं अनियमितताएं:लांड्री, वेतन गड़बड़ी पर कार्रवाई के निर्देश, जांच रिपोर्ट में हुआ खुलासा

टड़ियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की जांच रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। रिपोर्ट में लांड्री व्यवस्था, सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान और अभिलेख प्रबंधन में बड़ी गड़बड़ियां उजागर हुई हैं, जिस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सान्या छाबड़ा ने सोमवार को सीएचसी का निरीक्षण किया था। उनके निरीक्षण में परिसर में गंदगी, जल निकासी का अभाव, हैंडपंपों के पास जलभराव और झाड़ियां उगी होने जैसी कई गंभीर खामियां पाई गईं।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, ओपीडी और जननी सुरक्षा वार्ड की प्रकाश व्यवस्था अत्यंत खराब है। पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद रोशनी की कमी पाए जाने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साफ-सफाई, गार्डनिंग और लांड्री व्यवस्था में भी गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। संबंधित फर्म को हर माह भुगतान किया जा रहा था, लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं पाया गया।
सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान में भी बड़ा अंतर सामने आया है। कर्मियों ने 3000 रुपये का भुगतान मिलने की बात कही, जबकि अधिकारियों द्वारा 6000 रुपये का भुगतान बताया गया। इस गड़बड़ी की आशंका पर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान से जुड़े अभिलेख असुरक्षित और अधूरे पाए गए। इस लापरवाही के लिए ब्लॉक अकाउंट मैनेजर का मानदेय रोकने और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यालयों में गंदगी और अभिलेखों का खराब रखरखाव भी गंभीर लापरवाही माना गया है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल परिसर में बने कई भवनों का उपयोग नहीं हो रहा है। परिसर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *