DniNews.Live

झांसी में होटल के कमरे में लटका मिला युवक:काम की तलाश में झांसी आया था, बॉडी सड़ने पर आई बदबू तो हुई जानकारी

झांसी में एक होटल के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही होटल मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मामला नवाबाद थाना क्षेत्र के जेल चौराहा से कचहरी चौराहा जाने वाले रास्ते पर स्थित विकास होटल का है। यहां टीकमगढ़ के नचनवारा मोहल्ले का रहने वाला 30 वर्षीय हरि सिंह करीब एक हफ्ते पहले काम की तलाश में झांसी आया था। वह होटल के कमरा नंबर 304 में ठहरा हुआ था।
होटल मैनेजर के अनुसार, हरि सिंह पिछले दो दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला था। मंगलवार सुबह जब होटल में बदबू फैलने लगी, तो संचालक घनेन्द्र सिंह ऊपर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर खिड़की से झांककर देखा गया तो हरि सिंह पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला।
इसके बाद तुरंत पुलिस को बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। शव को नीचे उतारकर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भिजवाया गया। दो दिन पहले शराब के नशे में लौटा था युवक
होटल संचालक ने बताया कि हरि सिंह को झांसी में एक होटल में काम भी दिलाया गया था, लेकिन उसे काम पसंद नहीं आया और उसने छोड़ दिया। 29 मार्च को वह शराब के नशे में होटल लौटा था और उसके बाद से कमरे से बाहर नहीं निकला। बदबू आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *