झांसी में मऊरानीपुर विधानसभा सीट से अपना दल एस की विधायक डॉ. रश्मि आर्य के देवर ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष को पीट दिया। वह पदाधिकारियों के साथ रामनवमी पर निकाले गए जुलूस में शामिल होने पहुंचे थे। वहां विवाद होने पर देवर हेमंत सेठ ने मारपीट कर दी। नेताओं ने किसी तरह मामला शांत कराने की कोशिश की। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता पीड़ित को लेकर थाने पहुंच गए और तहरीर दे दी। पुलिस ने हेमंत सेठ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हेमंत वर्तमान में चुरारा सीट से जिला पंचायत सदस्य हैं। पूरा मामला मऊरानीपुर कस्बे का है। विवाद होने पर थप्पड़ मारा बंगरा ब्लॉक के भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया- शुक्रवार को रामनवमी पर मऊरानीपुर में विशाल जुलूस निकाला जा रहा था। जिलाध्यक्ष के माध्यम से सूचना मिली कि जुलूस में सभी लोगों को शामिल होना है। इस पर मैं जिला पदाधिकारियों के साथ जुलूस में शामिल हो गया। जुलूस जब विजय लॉज के पास पहुंचा तो कोई कार्यक्रम चल रहा था। तब मैं आगे निकलने लगा। इसी दौरान वहां विवाद हो गया। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य हेमंत सेठ ने आकर मुझे थप्पड़ मार दिया। तभी पास में खड़े भाजपा महामंत्री डॉ. अनिल राज और वीरेंद्र नायक समेत अन्य लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया। लेकिन घटना के बाद भाजपा नेताओं में गुस्सा बढ़ गया। कुछ वरिष्ठ नेता पीड़ित को लेकर थाने पहुंच गए और शिकायत दी दी। रंजीत ने कहा कि अब हम कार्रवाई चाहते हैं।

Leave a Reply