झांसी में मोटर चलाने गए किसान को लगा करंट:खेत में पड़ोसी को बचाने गया बुजुर्ग भी झुलसा, दोनों की मौत
![]()
झांसी में मोटर चलाने गए किसान को लगा करंट:खेत में पड़ोसी को बचाने गया बुजुर्ग भी झुलसा, दोनों की मौत
झांसी के बबीना थानाक्षेत्र के मथुरापुरा गांव में करंट लगने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम की है। दोनों को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय देव सिंह पुत्र हल्ला और 65 वर्षीय सरमन पाल पुत्र कुंजी के रूप में हुई है। दोनों मथुरापुरा भडरा गांव के निवासी थे और आपस में पड़ोसी थे। जानकारी के अनुसार, देव सिंह अपने खेत में सब्जी में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान सरमन पाल उनसे बातचीत करने के लिए खेत पर पहुंचे। जब देव सिंह मोटर चलाने के लिए उठे, तो उन्हें मोटर से करंट लग गया और वे गिर पड़े। सरमन पाल ने देव सिंह को गिरते देखा और मदद के लिए उनके पास पहुंचे। इस दौरान उन्हें भी करंट लग गया और वे भी वहीं गिर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक देव सिंह के भतीजे अखिलेश पाल ने बताया कि वे खेत में सब्जी में पानी लगा रहे थे, तभी देव सिंह और सरमन पाल को करंट लग गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना झांसी जिला अस्पताल के वार्ड बॉय कैलाश ने कोतवाली थाना झांसी को दी। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के मेमो दर्ज किए और आगे की कार्रवाई शुरू की। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शुभनाथ सिंह और होमगार्ड सुक्खन लाल को आवश्यक कार्यवाही के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस टीम पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करेगी। इस घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक महोदय को भी अवगत करा दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
