झांसी में भाजपा मंडल अध्यक्ष के जीजा की मौत:चिरगांव रेलवे स्टेशन पर टेक्नीशियन थे, ड्यूटी पर जाते समय गाड़ी ने टक्कर मारी
![]()
झांसी में भाजपा मंडल अध्यक्ष के जीजा की मौत:चिरगांव रेलवे स्टेशन पर टेक्नीशियन थे, ड्यूटी पर जाते समय गाड़ी ने टक्कर मारी
झांसी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष अनुज नीखरा के जीजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। जितेश चिरगांव रेलवे स्टेशन पर टेक्नीशियन थे। सोमवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। पुलिस ने लोगों की मदद से उनको सीएचसी पहुंचाया। जहां से परिजन मेडिकल कॉलेज लाए। यहां पर उनको मृत घोषित कर दिया। हादसे में जितेश का एक साथी घायल है। हादसा चिरगांव थाना क्षेत्र के महेबा गांव के पास हुआ है। बाइक से ड्यूटी जा रहे थे मृतक का नाम जितेश (49) पुत्र ओमप्रकाश था। वह असंल पॉम सिटी में रहते थे। मृतक के साले भाजपा के सिविल लाइन मंडल अध्यक्ष अनुज नीखरा ने बताया- मेरे जीजा जितेश चिरगांव रेलवे स्टेशन पर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। उनके साथ एक युवक भी था। जब वे महेबा गांव के पास पहुंचे तो पीछे से अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे जीजा गिरकर घायल हो गए। तब ड्राइवर पैरों के ऊपर से गाड़ी चढ़ाते हुए भाग गया। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस ने लोगों की मदद से जीजा को चिरगांव सीएचसी पहुंचाया। सूचना पर हम लोग मौके पर पहुंचे तो इलाज नहीं हो रहा था। हम लोग जीजा को झांसी मेडिकल कॉलेज लाए। जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर से विवाद हो गया मेडिकल कॉलेज में ईएमओ और परिजनों के बीच विवाद हो गया। अनुज नीखरा का आरोप है कि ईएमओ नशे में थे और कागजी कार्रवाई भी नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में परिजनों को ही कागजी कार्रवाई पूरी करनी पड़ी। वहीं, सीएमएस डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि ईएमओ नशे में नहीं थे। मृतक और परिजनों के रिश्ते को लेकर कंफ्यूजन हो गया था। बाद में शांति से मामला निपट गया। पत्नी भी टीचर है जितेश की मौत के बाद परिजन रोते बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। जितेश की पत्नी पूनम उर्फ महिमा एक स्कूल में टीचर हैं। महिमा भी स्कूल गई थी। हादसे की खबर मिलने पर वह घर लौट आई। यहां पति का शव देखकर वह बेहोश हो गई। उनके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी समृद्धि 9वीं कक्षा में पढ़ रही हे, जबकि छोटा बेटा यथर्व 5वीं कक्षा में पढ़ता है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
