DniNews.Live

झांसी में पकड़ा गया ‘हनी बैजर’:रिहायशी इलाके में घुसने से दहशत, वन विभाग ने जंगल में छोड़ा

झांसी में गरौठा तहसील के ग्राम पंचायत गुढ़ा में शुक्रवार रात में एक विचित्र जंगली जीव रिहायशी मकानों के पास घूमता देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। हालांकि, रात में बारिश होने के कारण रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस पर ग्राम प्रधान चंद्रभान सिंह परमार ने ग्रामीणों के सहयोग से उस जीव को एक जाली में सुरक्षित बंद कर दिया। सुबह होते ही उस जंगली जीव को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुरसरांय रेंज से वन दरोगा संदीप कुमार अपनी सहयोगी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कौतूहल का विषय बने इस जंगली जीव की पहचान ‘हनी बैजर’ (बिज्जू) के रूप में की। वन दरोगा संदीप कुमार ने ग्रामीणों को ‘हनी बैजर’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसे बिज्जू या रैटल भी कहा जाता है। यह एक अत्यंत निडर, छोटा मांसाहारी स्तनधारी जीव है। अपने आक्रामक स्वभाव और जहरीले सांपों से लड़ने की क्षमता के कारण इसे दुनिया के सबसे बेखौफ जानवरों में से एक माना जाता है। रेस्क्यू टीम के सदस्य रामप्रसाद पाल, वीरेंद्र सिंह और हरगोविंद ने मिलकर इस जंगली जीव को पकड़ा। इसके बाद उसे धसान नदी के किनारे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान चंद्रभान सिंह परमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *