DniNews.Live

झांसी में खेत में करंट से किशोर की मौत:मोटर से जुड़े तार की चपेट में आकर नीचे गिरा, सीएचसी ले जाने पर मृत घोषित हुआ

झांसी के मोंठ कस्बे में शनिवार शाम एक खेत में सिंचाई करते समय 17 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना मोंठ के मातनपुरा मोहल्ले में हुई। किशोर अपने परिवार का इकलौता बेटा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मातनपुरा निवासी निर्मल (17) पुत्र स्वर्गीय संजय कुशवाहा अपने घर के पास स्थित खेत में सब्जियों की खेती करता था। शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे वह खेत में पानी की मोटर चलाकर सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान मोटर से जुड़े विद्युत तार में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से निर्मल मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के समय पास में मौजूद उसके चाचा कमलकांत कुशवाहा ने निर्मल को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने तुरंत बिजली के तार हटाए और परिजनों की सहायता से निर्मल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ के ट्रामा सेंटर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवनीश तिवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और एसडीओ को मौके पर जाकर घटना की जांच करने के निर्देश दिए। कस्बा इंचार्ज प्रतीक श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक रजनीकांत सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि निर्मल के पिता संजय कुशवाहा का लगभग दस वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद से निर्मल ही परिवार का एकमात्र सहारा था। वह खेत में सब्जियों की खेती करके अपनी मां सुनीता के साथ घर का भरण-पोषण करता था। इसी वर्ष उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा भी दी थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। निर्मल की असामयिक मृत्यु से पूरे मोहल्ले में गहरा दुख है। पड़ोसियों और परिचितों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *