DniNews.Live

झांसी में ईद उल फितर की रौनक,दुआएं में उठे हाथ:अपनो की कब्रों पर जाकर लोगों ने की दुआएं, बच्चों में खास उत्साह

झांसी में शनिवार को ईद उल फितर का पर्व पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिले भर में डेढ़ लाख से अधिक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शहर और ग्रामीण इलाकों की ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाहों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर तरफ “ईद मुबारक” की गूंज सुनाई दी।
शहर की पठौरिया स्थित ईदगाह में पेश इमाम मुफ्ती साबिर कासमी ने नमाज अदा कराई, जबकि नगरा की ईदगाह में हाफिज हसनैन ने नमाज पढ़ाई। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगी गईं। इमामों ने अपने बयान में लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील भी की।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला—नए कपड़े पहनकर वे ईदी लेने और मिठाइयों का आनंद लेने में जुटे रहे। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली, जहां सेवईं, मिठाई और अन्य खानपान की दुकानों पर दिनभर भीड़ बनी रही।
नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तानों पहुंचे। वहां उन्होंने अपने दिवंगत परिजनों की कब्रों पर फूल और इत्र चढ़ाकर फातिहा पढ़ी और उनकी मगफिरत के लिए दुआएं कीं।
त्योहार को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे, ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न हो। नगर निगम की टीमों ने साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की।
नेता पहुंचे ईदगाह, दी मुबारकबाद ईद उल फितर की नमाज़ के बाद पठौरिया पहुंचे कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व राजसभा सदस्य और समाजवादी पार्टी के नेता डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव, कांग्रेसी नेता अरविंद वशिष्ठ समेत तमाम नेताओं ने नमाजियों को ईद उल फितर की गले लगकर मुबारकबाद दी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *