झांसी में ईद का चांद नजर न आने के बाद रमज़ान का सिलसिला एक दिन और बढ़ गया है। रूहत-ए-हिलाल कमेटी के सचिव मुफ़्ती आरिफ नदवी ने चांद न दिखने की तस्दीक करते हुए ऐलान किया कि ईद-उल-फितर अब शनिवार को मनाई जाएगी। ऐसे में आज शहर की मस्जिदों में एक बार फिर अलविदा जुमा की नमाज़ अदा की जाएगी। अलविदा जुमा, रमज़ान के आखिरी जुमे को कहा जाता है, जिसकी खास अहमियत मानी जाती है। इसी वजह से बड़ी संख्या में नमाज़ियों के मस्जिदों में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
शहर के प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज़ के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें और तय दिशा-निर्देशों का पालन करें। वहीं, अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाली ईद की नमाज़ पर टिकी हैं। ईद की मुबारकबाद की होर्डिंग हटाईं
कल यानी शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज़ पठौरिया की बड़ी ईदगाह समेत नगरा की ईदगाह में अदा की जाएगी। इससे पहले ईद की मुबारकबाद देने के लिए कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने यहां होर्डिंग लगाई थीं, जिन्हें नगर निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने हटवा दिया।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि ये सभी होर्डिंग बिना अनुमति के लगाई गई थीं, इसलिए कार्रवाई करते हुए उन्हें उखाड़ा गया।

Leave a Reply