![]()
जौनपुर में महिला ने फांसी लगाकर जान दी:मायके वालों ने दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया, पति मुंबई में करता है नौकरी
जौनपुर जनपद के थाना लाइन बाजार अंतर्गत चकमाहन गांव में एक विवाहिता की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शेजल यादव के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पिता जयशंकर यादव ‘मखनचु’ और मां रेखा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शेजल की शादी 29 अप्रैल 2025 को चकमाहन निवासी कन्हैया लाल यादव के बेटे सचिन यादव से की थी। सचिन वर्तमान में मुंबई में कार्यरत है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज को लेकर शेजल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले वे अपनी बेटी को उसके मायके कोहड़ें सुल्तानपुर (थाना बक्सा) ले गए थे। हालांकि, ससुराल के लोग उसी शाम वहां पहुंचे और दबाव बनाकर शेजल को जबरदस्ती अपने साथ चकमाहन वापस ले आए। परिजनों को कुछ ही घंटों बाद बेटी की मौत की खबर मिली। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लाइन बाजार के.के. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव के पास से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौके पर मृतका के माता-पिता और मामा सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे, जो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। थाना प्रभारी के.के. सिंह ने बताया कि “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।”
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply