जौनपुर के शीतला चौकियां धाम में नवरात्र के छठे दिन मंगलवार को मां शीतला की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर देवी का भव्य श्रृंगार किया गया और विभिन्न प्रकार के फल व मिठाइयों का भोग अर्पित किया गया। दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूजा से पूर्व मां शीतला का लाल गुलाब, नीबू की माला और लाल चुनरी से श्रृंगार किया गया। देवी को लाल व सुनहरे वस्त्र पहनाए गए, साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों से सुसज्जित किया गया। भोग में सीता फल, केला और बर्फी विशेष रूप से चढ़ाए गए। मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालुओं ने हाथों में नारियल और चुनरी लेकर मां के दर्शन किए। माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि उदया तिथि के अनुसार, नवरात्र की सप्तमी तिथि को कालरात्रि की पूजा करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने भक्तों को इस दिन के महत्व से अवगत कराया। पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Leave a Reply