अमरोहा की मंडी धनौरा विधानसभा से भाजपा के दूसरी बार विधायक बने राजीव तरारा ने अपने चार साल के कार्यकाल, विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि मेरे कार्यकाल में क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ और कई पुराने लंबित काम पूरे कराए गए। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: चार साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: नंबर की बात तो जनता तय करती है। मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र की जनता का मेरे प्रति कितना प्रेम है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुझे 2017 में जीत दिलाई और 2022 में फिर भारी मतों से जिताया। मेरे पिता तोताराम भी पूर्व विधायक रहे हैं। सवाल: चार साल में क्षेत्र में कौन सा बड़ा कार्य कराया है? जवाब: 2017 से पहले मंडी धनौरा में सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन इसके बाद तेजी से विकास हुआ और सड़कों का जाल बिछाया गया। कई पुराने लंबित काम पूरे कराए गए। खादर क्षेत्र के गांव बाहा नदी के कारण मुख्यधारा से कटे हुए थे, जहां नाव से आवागमन होता था। इस समस्या को खत्म करने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया, जिससे अब आवागमन आसान हो गया है और क्षेत्र में तेजी से विकास दिख रहा है। किसानों की सुविधा के लिए सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण कराया गया। गजरौला में इंदिरा चौक से कुमराला चौकी तक स्टेट हाईवे को फोरलेन किया गया और कुमराला से तिगरी गंगा घाट होते हुए नेशनल हाईवे तक मार्ग को विकसित किया गया। बिजली क्षेत्र में कई बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाई गई और नए बिजलीघर स्थापित किए गए। गजरौला के तारापुर में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना कर किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ा गया। शिक्षा के क्षेत्र में इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेजों का विकास किया गया। तिगरी गंगा मेले को सरकारी मेला घोषित कराया गया, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। आगे तिगरी में पक्के घाट, गजरौला में ट्रामा सेंटर और मेडिकल कॉलेज तथा गजरौला से चांदपुर तक हाईवे चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। सवाल: आगामी चुनाव में फिर से आप टिकट के दावेदार हैं? जवाब: यह पार्टी तय करती है। 2017 और 2022 में पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया, उसके लिए आभारी हूं। आगे भी पार्टी जो निर्णय लेगी, उसी के अनुरूप काम करूंगा। मैं एक कार्यकर्ता हूं और पार्टी के निर्देशों का पालन करूंगा।

Leave a Reply