नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। इसमें समस्त लाइजनिंग अधिकारी, प्रभारी अधिकारी, इंचार्ज अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। विभागवार कार्यक्षेत्र निर्धारित करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए और सभी तैयारियों को समयबद्ध तथा सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, साइनेज, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल तथा आगमन एवं प्रस्थान मार्गों की सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। साथ ही खराब वाहनों को तत्काल हटाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल तथा पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को बेहतर और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस बैठक में एसीओ ग्रेटर नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीओ यमुना विकास प्राधिकरण राजेश कुमार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिला अधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका एवं जिला प्रशासन, प्राधिकरण, पुलिस विभाग के संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply