DniNews.Live

जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले अभेद्य सुरक्षा घेरा:5 लेयर सिक्योरिटी, 5000 पुलिसकर्मी तैनात; ड्रोन पर पूरी तरह रोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के उद्घाटन और जनसभा के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पूरे क्षेत्र को अभेद्य सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए मल्टी-लेयर सिक्योरिटी आर्किटेक्चर के तहत पांच-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के साथ लगातार समन्वय रखा जा रहा है। सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के करीब 5000 राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी, आरएएफ, एटीएस और सीआईएसएफ की टुकड़ियों को भी रणनीतिक स्थानों पर लगाया गया है। पूरे क्षेत्र को रेड जोन घोषित कर दिया गया है, जहां ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय हैं। सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी, सघन फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की व्यवस्था की गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड लगातार एंटी-सैबोटेज जांच कर रहे हैं। महिलाओं के लिए अलग से चेकिंग एनक्लोजर और हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। लगभग 15 पार्किंग स्थलों पर 20 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर टेंडर स्टैंडबाय पर रखे गए हैं। साथ ही मेडिकल डेस्क और एंबुलेंस कॉरिडोर के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित की गई है। यमुना नदी के पास होने के कारण जलमार्ग से भी रिवराइन पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट आधुनिक संसाधनों और एकीकृत कमांड कंट्रोल डैशबोर्ड के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखते हुए आयोजन की सफलता के लिए पूरी तरह तैयार है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *