DniNews.Live

जीजीआईसी छात्रा अदिति सिंह बनीं एक दिन की डीएम:हरदोई कलेक्ट्रेट में सुनीं शिकायतें, समझी प्रशासनिक कार्यप्रणाली

हरदोई में मिशन शक्ति अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा अदिति सिंह को एक दिन के लिए डीएम बनाया गया। यह पहल जनपद में बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से की गई। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान डीएम अनुनय झा ने छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान अदिति सिंह ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को सुना और अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने निस्तारण की प्रक्रिया को भी समझा। डीएम अनुनय झा ने अदिति को विभिन्न विभागों और पुलिस से संबंधित शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझाई, साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। जनसुनवाई में कुल 76 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने अदिति सिंह को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *