DniNews.Live

जालौन में शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई ईद की नमाज:बच्चों की रौनक के बीच अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था

जालौन जनपद में शनिवार को ईद का पर्व हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। इस दौरान ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई और अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। जालौन के जिला मुख्यालय उरई स्थित ईदगाह सहित जिलेभर में सैकड़ों स्थानों पर नमाज के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जहां सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर छोटे-छोटे बच्चे अपने परिजनों के साथ ईदगाह पहुंचे, जिससे माहौल और भी खुशनुमा नजर आया। नमाज के बाद बच्चों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईदी और बधाइयां दीं। नमाज के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। मुस्लिम समाज के लोगों ने सरकारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए सड़क पर नमाज अदा नहीं की और निर्धारित स्थानों पर ही इबादत की। नमाज के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे भाईचारे और एकता का संदेश भी देखने को मिला। नगर पालिका प्रशासन द्वारा साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे नमाज अदा करने आए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं दीं। पूरे जनपद में ईद का त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। वहीं जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे और पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के साथ ईदगाह सहित अलग-अलग जागरण का निरीक्षण किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *