DniNews.Live

जालौन में ‘वंदे मातरम् चौक’ नामकरण की मांग:डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर की गई अपील

जालौन में विश्व हिंदू महासंघ की जालौन इकाई ने उरई के एक प्रमुख चौराहे का नाम ‘वंदे मातरम् चौक’ रखने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की अपील की। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति (हाजीपुर) और शीतल कुशवाहा ने बताया कि यह मांग अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस तथा ‘वंदे मातरम्’ गीत की 151वीं वर्षगांठ के अवसर पर की गई है। उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर जनपद के किसी प्रमुख चौराहे का नाम ‘वंदे मातरम् चौक’ घोषित किया जाना चाहिए।
संगठन के पदाधिकारियों ने जोर दिया कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनका मानना है कि इस उद्घोष ने स्वतंत्रता सेनानियों में त्याग और बलिदान की भावना जगाई थी, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित ‘वंदे मातरम् चौक’ को शहीदों के चित्रों, तिरंगा ध्वज, भारत माता की प्रतिमा और ‘वंदे मातरम्’ गीत की पट्टिका से सजाया जाएगा। इसका उद्देश्य इस स्थान को राष्ट्रप्रेम का प्रेरणा केंद्र बनाना है। इस दौरान प्रदेश डॉ. इन्द्रपाल सिंह प्रजापति, आशा प्रजापति, शीतल कुशवाहा, सुनीता गुप्ता सहित संगठन के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *