जालौन में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक आपराधिक घटना में बदल गई। एक युवक ने युवती से छेड़छाड़ की और अवैध तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना जालौन के एक गांव की है। हमीरपुर जनपद के न्यूरिया निवासी रवि पुत्र रज्जू ने इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे संपर्क साधा था। कुछ समय तक दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन बाद में युवती ने उससे दूरी बना ली। इससे नाराज होकर आरोपी ने यह कदम उठाया। बुधवार को जब युवती अपने घर से कदौरा जाने के लिए निकली, तभी आरोपी उसके घर पहुंच गया। घर में घुसकर उसने युवती के साथ अभद्रता और छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास से अवैध कट्टा निकालकर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। विभिन्न धाराओं में मुकदमा किया गया दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने भाग रहे युवक रवि को खेतों में पीछा कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। थाना प्रभारी ने बताया कि रवि के खिलाफ छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और अवैध असलहा रखने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply